विश्वकर्मा भारती/न्यूज़11 भारत
बेरमो/डेस्क: कोयला चोरी एवं अवैध कोयला कारोबार के विरुद्ध केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) एवं सीसीएल सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत अमलो एरिया में संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की गई. सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमाण्डेंट राज प्रताप सिंह को सूत्रों के माध्यम से सूचना मिली कि बेरमो थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमलो के समीप 05 नंबर पीपल धौडा बस्ती में कोयला चोरों द्वारा अवैध रूप से कोयला एकत्रित कर रखा गया है. सूचना मिलने के बाद सीआईएसएफ क्राइम ब्रांच द्वारा इसकी पुष्टि की गई, जिसके उपरांत तत्काल संबंधित महाप्रबंधक को सूचना दी गई तथा छापेमारी के लिए आवश्यक वाहन एवं जेसीबी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई.
कमाण्डेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर सीआईएसएफ एवं सीसीएल सुरक्षागार्ड की संयुक्त टीम ने 05 नंबर पीपल धोरा बस्ती क्षेत्र में छापेमारी की. इस दौरान मौके से 75.980 टन अवैध कच्चा कोयला बरामद कर जब्त किया गया, जिसे बाद में सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया.
इस कार्रवाई में ड्रोन सर्विलांस की अहम भूमिका रही. ड्रोन के माध्यम से क्षेत्र की निगरानी कर संदिग्ध गतिविधियों एवं अवैध रूप से जमा किए गए कोयले से संबंधित महत्वपूर्ण इनपुट प्राप्त किए गए, जिसके आधार पर छापेमारी की कार्रवाई को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया गया. वहीं, सीआईएसएफ के प्रशिक्षित श्वान दस्ते की सहायता से भी संदिग्ध स्थानों की सघन जांच एवं तलाशी की गई. ड्रोन निगरानी, श्वान दस्ते और त्वरित संयुक्त कार्रवाई के कारण अभियान को प्रभावी बनाया जा सका.सीआईएसएफ कमाण्डेंट राज प्रताप सिंह ने कहा कि कोयला चोरी एवं अवैध कोयला कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि माईन्स एरिया के बाहर अथवा ऐसे क्षेत्रों में जहां सीआईएसएफ की तैनाती नहीं है, यदि कोयला चोरी का मामला संज्ञान में आता है तो तत्काल इसकी सूचना सीसीएल प्रबंधन, जिला प्रशासन एवं स्थानीय पुलिस को दी जाएगी तथा संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया जाएगा.