न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज स्थित ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र में 21 सितंबर को हुई लूट की कोशिश के मामले में पलामू पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनकी गिरफ्तारी से लेस्लीगंज, पांकी, मनातू और सतबरवा थाना क्षेत्रों के मामले सुलझ गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार सिंह, रामवीर सिंह और राजा सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, एक खोखा, लूटे गए 7,100 रुपये, मोबाइल, सतबरवा से लूटी गई पल्सर बाइक और चेहरे ढकने के कपड़े बरामद किए हैं.
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने लेस्लीगंज के अलावा पांकी और मनातू के सीएसपी में भी पिस्तौल के बल पर लूट की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है. गोपालगंज सीएसपी में लूट के दौरान अपराधियों ने फायरिंग भी की थी, लेकिन संचालक, उनकी मां की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता से दो अपराधी मौके पर ही दबोच लिए गए. सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सुरक्षित हिरासत में लिया और बाद में उनके अन्य साथी को भी धर दबोचा.
लेस्लीगंज-पांकी एसडीपीओ प्रशांत कुमार-2 ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी. पुलिस ने सभी संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. कार्रवाई में लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय और पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह भी शामिल रहे.