IND vs WI T20:
एक्सक्लूसिव

IND vs WI टी20: JSCA स्टेडियम जाने से पहले देख लें पार्किंग प्लान, कहीं मिस न हो जाए क्रिकेट का रोमांच

भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग और आवागमन की विशेष व्यवस्था की है.

By : Ark Sahuliyar
IND vs WI टी20: JSCA स्टेडियम जाने से पहले देख लें पार्किंग प्लान, कहीं मिस न हो जाए क्रिकेट का रोमांच

न्यूज़11 भारत 
रांची/डेस्क:
भारत और वेस्टइंडीज के बीच रांची के JSCA स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है. मैच के सभी टिकट बिक चुके हैं. ऐसे में हजारों दर्शकों के एक साथ स्टेडियम पहुंचने की संभावना है. भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग और आवागमन की विशेष व्यवस्था की है. अगर आप भी मैच देखने जा रहे हैं तो सिर्फ टिकट साथ रखना ही काफी नहीं है. स्टेडियम पहुंचने से पहले यह भी देख लें कि आपकी गाड़ी कहां पार्क होगी. स्टेडियम के गेट तक वाहन ले जाने की कोशिश करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल पर गाड़ी खड़ी करनी होगी. इसके बाद संबंधित गेट तक पैदल जाना होगा. 

जिस दिशा से आएंगे, उसी हिसाब से समझें पार्किंग

जगन्नाथपुर मंदिर की तरफ से आने वालों के लिए
जगन्नाथपुर मंदिर की ओर से JSCA स्टेडियम आने वाले दर्शकों के लिए नॉर्थ गेट और वेस्ट गेट की तरफ जाने का रूट निर्धारित किया गया है. इस दिशा से आने वाले वाहन शहीद मैदान समेत निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े किए जा सकेंगे. यानी इस रूट से आने वाले दर्शक स्टेडियम के बिल्कुल सामने तक वाहन ले जाने की कोशिश न करें. पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के बाद पैदल अपने निर्धारित गेट तक पहुंचें.

धुर्वा गोलचक्कर की तरफ से आने वालों के लिए
धुर्वा गोलचक्कर की ओर से स्टेडियम आने वाले दर्शकों के लिए साउथ गेट और ईस्ट गेट की तरफ जाने का रास्ता निर्धारित किया गया है. इस तरफ आने वाले वाहनों के लिए मियां मार्केट, जवाहर पार्किंग और धुर्वा गोलचक्कर मैदान के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की गई है. इसलिए धुर्वा की तरफ से आने वाले दर्शक पहले से इन पार्किंग स्थलों को ध्यान में रखें और वहीं वाहन खड़ा कर स्टेडियम की ओर पैदल बढ़ें.

शाखा बागान की तरफ से आने वालों के लिए
शाखा बागान की ओर से आने वाले दर्शक शाखा बागान पार्किंग और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के आसपास चिन्हित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल कर सकते हैं. पार्किंग के बाद दर्शकों को अपने टिकट पर दिए गए गेट के अनुसार पैदल स्टेडियम पहुंचना होगा.

कई जगह बनाई गई है पार्किंग
रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस ने दर्शकों की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों को पार्किंग के लिए चिन्हित किया है. इनमें शहीद मैदान, हेलिपैड पार्किंग, गेट पार्किंग, सेंट थॉमस स्कूल, डीएवी धुर्वा, मियां मार्केट, जवाहर पार्किंग, धुर्वा गोलचक्कर मैदान और शाखा बागान पार्किंग प्रमुख हैं. दर्शकों को अपनी गाड़ी पार्क करते समय ट्रैफिक पुलिस और मौके पर तैनात जवानों के निर्देशों का पालन करना होगा. जहां पार्किंग के लिए जगह निर्धारित नहीं है, वहां वाहन खड़ा करने से बचना होगा.

VIP और खिलाड़ियों का रास्ता बिल्कुल अलग
मैच के दौरान खिलाड़ियों, VIP और आपातकालीन वाहनों के लिए अलग रूट निर्धारित रहेगा. इस रास्ते से सामान्य वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. दर्शक इस रूट में वाहन लेकर न जाएं. इससे न केवल ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होगी, बल्कि उन्हें परेशानी का सामना भी करना पड़ सकता है. एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खाली रखना भी जरूरी होगा.

गाड़ी पार्क करने के बाद पैदल जाना होगा
इस बार दर्शकों को एक बात पहले से समझ लेनी चाहिए पार्किंग का मतलब स्टेडियम के गेट तक गाड़ी ले जाना नहीं है. वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करने के बाद दर्शकों को पैदल स्टेडियम के संबंधित गेट तक जाना होगा. इसके लिए अलग वॉकिंग रूट भी निर्धारित किया गया है. इसलिए अगर आप परिवार के साथ मैच देखने जा रहे हैं तो पार्किंग से स्टेडियम तक पैदल जाने के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय जरूर रखें.

मैच शुरू होने से काफी पहले निकलें
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया की हजारों दर्शकों के एक साथ पहुंचने से पार्किंग स्थलों और स्टेडियम के आसपास भीड़ बढ़ सकती है. ऐसे में आखिरी समय में पहुंचने पर पार्किंग से लेकर स्टेडियम में प्रवेश तक परेशानी हो सकती है.इसलिए बेहतर होगा कि दर्शक मैच शुरू होने से पर्याप्त समय पहले घर से निकलें, रास्ते में ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और स्टेडियम के पास पहुंचने के बाद निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करें.

मैच देखने जाने से पहले ये छह बातें याद रखें

* टिकट के साथ अपना गेट जरूर देख लें.
* जिस दिशा से आ रहे हैं, उसी रूट की पार्किंग का इस्तेमाल करें.
* गाड़ी सिर्फ निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ी करें.
* पार्किंग के बाद संबंधित गेट तक पैदल जाएं.
* VIP, खिलाड़ियों और एंबुलेंस के रूट में वाहन न ले जाएं.
* भीड़ और ट्रैफिक को देखते हुए समय से पहले स्टेडियम के लिए निकलें.

पुलिस ने लोगों से सहयोग के लिए अपील भी किया है. पुलिस के अनुसार जेएससीए स्टेडियम में मैच का रोमांच देखने के लिए हजारों लोग पहुंचेंगे. ऐसे में आपकी परेशानी कम करने का सबसे आसान तरीका है कि स्टेडियम पहुंचने से पहले अपना पार्किंग रूट तय कर लें. टिकट पर दिए गए गेट और ट्रैफिक पुलिस के पार्किंग प्लान को देखकर ही घर से निकलें. सही जगह वाहन पार्क करेंगे तो स्टेडियम पहुंचने में समय भी बचेगा और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी.

याद रखें पहले पार्किंग, फिर क्रिकेट. 

(रिपोर्ट: मो. इमरान)

यह भी पढ़ें- कल रांची पहुंचेगी भारत और वेस्टइंडीज की टीम, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर झारखंडी तौर तरीके से होगा स्वागत 
 

संबंधित सामग्री

CM हेमंत सोरेन से मिला विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों का डेलीगेशन, सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार

CM हेमंत सोरेन से मिला विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों का डेलीगेशन, सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार

CM हेमंत सोरेन से रांची जिला दुर्गा पूजा समिति एवं रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने की शिष्टाचार मुलाकात

खुशबू कुमारी की संदेहास्पद मौत मामला: आरोपी प्रेमी नेहाल वर्मा को बेल देने से कोर्ट का इनकार, जमानत याचिका खारिज 

खुशबू कुमारी की संदेहास्पद मौत मामला: आरोपी प्रेमी नेहाल वर्मा को बेल देने से कोर्ट का इनकार, जमानत याचिका खारिज 

अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी में प्रेमी के साथ लिव-इन में रहने वाली खुशबू कुमारी की संदेहास्पद मौत मामले में जेल में बंद आरोपी प्रेमी नेहाल वर्मा को बेल देने से कोर्ट ने इनकार कर दिया है.

आधार कार्ड में बदला नाम, बनाई फर्जी वंशावली.. जमीन फर्जीवाड़े के सनसनीखेज मामले का पर्दाफ़ाश, आरोपी गिरफ्तार 

आधार कार्ड में बदला नाम, बनाई फर्जी वंशावली.. जमीन फर्जीवाड़े के सनसनीखेज मामले का पर्दाफ़ाश, आरोपी गिरफ्तार 

जमीन फर्जीवाड़े के सनसनीखेज मामले का पर्दाफ़ाश हुआ है. जालसाज ने आधार कार्ड में अपना नाम बदलकर और फर्जी वंशावली बनाकर फर्जीवाड़ा किया.

JSSC-CGL परीक्षा गड़बड़ी मामले के आरोपी अभ्यर्थी दीपक कुमार को कोर्ट का झटका, जमानत याचिका खारिज 

JSSC-CGL परीक्षा गड़बड़ी मामले के आरोपी अभ्यर्थी दीपक कुमार को कोर्ट का झटका, जमानत याचिका खारिज 

JSSC-CGL परीक्षा गड़बड़ी मामले के आरोपी अभ्यर्थी दीपक कुमार को कोर्ट का झटका मिला है. अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी.