दुर्गा पूजा 2026

CM हेमंत सोरेन से मिला विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों का डेलीगेशन, सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार

CM हेमंत सोरेन से रांची जिला दुर्गा पूजा समिति एवं रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने की शिष्टाचार मुलाकात

By : Ark Sahuliyar
CM हेमंत सोरेन से मिला विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों का डेलीगेशन, सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार

न्यूज़11 भारत 
रांची/डेस्क:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति एवं विभिन्न शांति समितियों का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की. इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा एवं गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिवादन किया. साथ ही दुर्गा पूजा के पावन उत्सव में सम्मिलित होने का विनम्र आग्रह किया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने संयुक्त रूप से कहा कि आपके नेतृत्व में दुर्गा पूजा समितियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी या समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है. जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग पूजा समितियों को मिल रहा है. दुर्गा पूजा समिति के सदस्य इस सकारात्मक पहल के लिए राज्य सरकार विशेषकर आपको (मुख्यमंत्री को) साधुवाद प्रेषित करती है. जिला प्रशासन द्वारा मिल रहा सहयोग हम सभी को पूर्ण संतुष्टि दे रहा है. आने वाले समय में भी पूजा समिति इसी प्रकार की सहयोग की अपेक्षा रखती है. सदस्यों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा पूरी संवेदनशीलता के साथ कई बार बैठकें आयोजित कर हमारी सभी समस्याओं का निराकरण दुर्गा पूजा उत्सव प्रारंभ होने से पूर्व ही कर दिया जा रहा है. इस सहयोग के लिए हम सभी पूजा समिति के लोग आपके कृतज्ञ हैं.

मुख्यमंत्री को सपरिवार पूजा पंडालों के भ्रमण का आमंत्रण
मुलाकात के दौरान दुर्गापूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आगामी शारदीय नवरात्रि के शुभ अवसर पर रांची के विभिन्न भव्य पूजा पंडालों का सपरिवार परिभ्रमण करने तथा मातारानी के दर्शन एवं महाआरती में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस वर्ष भी राजधानी रांची में भव्य और आकर्षक पूजा पंडालों का निर्माण किया जा रहा है, जहाँ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों द्वारा प्रेषित स्नेह आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि वे इस वर्ष दुर्गा पूजा उत्सव में सम्मिलित होंगे तथा विभिन्न पूजा पंडालों का परिभ्रमण कर माता रानी का आशीर्वाद लेंगे.

मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को दिए कई अहम सुझाव
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत हर्ष का विषय है कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी आप सभी लोग दुर्गा उत्सव की तैयारी पूरी श्रद्धा, निष्ठा और बढ़-चढ़कर कर रहे हैं. दुर्गा पूजा के पावन उत्सव की परंपरा लम्बे और अनंतकाल तक चलती रहे माता रानी से यही हमारी प्रार्थना है. मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों से कहा कि आस्था और परंपरा को अक्षुण्ण रखते हुए यह जरूरी है कि मूर्ति विसर्जन कार्य पर्यावरण अनुकूल हो. मुख्यमंत्री ने कहा कि मूर्ति विसर्जन के बाद शहर के तालाबों, विभिन्न जलाशयों की स्थिति पर्यावरण के लिए चुनौती बनकर उभरती है, इस मद्देनजर राज्य सरकार और दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित कर मूर्ति विसर्जन हेतु पर्यावरण अनुकूल कार्य योजना तैयार की जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि मूर्ति विसर्जन हेतु दुर्गा पूजा समिति के सदस्य एक वैकल्पिक व्यवस्था बनाएं, जहां इको फ्रेंडली तरीके से आस्था एवं श्रद्धा के अनुरूप मूर्ति विसर्जन किया जा सके.

दुर्गा पूजा पंडालों में "नशा मुक्ति जागरूकता" हेतु लगाएं होर्डिंग
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधिमंडल से कहा कि दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान विभिन्न पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता हेतु होर्डिंग्स जरूर लगाएं. राज्य सरकार एवं सामाजिक तथा धार्मिक संगठनों के आपसी समन्वय से ही नशा मुक्त झारखंड के निर्माण की परिकल्पना को पूरा किया जा सकेगा. वर्तमान समय में यह आवश्यक है कि हम सभी लोग नशा मुक्ति अभियान में अपनी महती जिम्मेदारी का निर्वहन करें तथा घर-परिवार एवं समाज के भीतर विशेष कर नौजवान युवाओं से यह आग्रह करें कि वे किसी भी प्रकार का नशा का आदि न बने. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पूजा समिति के सदस्यों ने यह भरोसा दिया कि पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता को लेकर अवश्य बैनर एवं होर्डिंग्स लगाए जाएंगे. हमारे राज्य के युवा नशापान से दूर रहे, इस हेतु अनाउंसमेंट कर उन्हें जागरूक करने की विशेष पहल भी की जाएगी.

मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, सुरक्षा व सुचारू व्यवस्था के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दुर्गा पूजा शक्ति की उपासना और असत्य पर सत्य की विजय का महापर्व है. यह उत्सव हमारे समाज में आपसी भाईचारे, सुख-समृद्धि और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है. मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों को त्योहार के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी. इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक स्तर पर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था दुरुस्त रहे. बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन को इस तरह सुचारू रखा जाए, जिससे पंडालों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो. इस दौरान उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन उपस्थित रहे. मुख्यमंत्री को उन्होंने जिला प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया.

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
मुलाकात के दौरान रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के मनोज पांडेय (बबलू), राजेंद्र सिंह, मुनचुन राय, विक्की यादव, राहुल यादव, अशोक चौधरी, राहुल अग्रवाल, अशोक पुरोहित, रमेश गुप्ता, मयंक गिरी  तथा रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के अजीत सहाय, रवींद्र वर्मा, संजय मिनोचा, सागर कुमार, अमरनाथ सरकार, लखपति साव, विनोद यादव, राजन वर्मा, समीर सिंह एवं शांति समिति के जय सिंह यादव, बादल सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे. सभी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राज्य की तरक्की और खुशहाली की कामना की.

संबंधित सामग्री

झारखंड में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्वास्थ्य विभाग का कड़ा रुख, चलेगा विशेष खाद्य सुरक्षा जांच अभियान

झारखंड में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्वास्थ्य विभाग का कड़ा रुख, चलेगा विशेष खाद्य सुरक्षा जांच अभियान

झारखंड में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है. ठेले-खोमचे से लेकर चार सितारा होटल तक खाद्य पदार्थों की सघन जांच होगी.

खुशबू कुमारी की संदेहास्पद मौत मामला: आरोपी प्रेमी नेहाल वर्मा को बेल देने से कोर्ट का इनकार, जमानत याचिका खारिज 

खुशबू कुमारी की संदेहास्पद मौत मामला: आरोपी प्रेमी नेहाल वर्मा को बेल देने से कोर्ट का इनकार, जमानत याचिका खारिज 

अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी में प्रेमी के साथ लिव-इन में रहने वाली खुशबू कुमारी की संदेहास्पद मौत मामले में जेल में बंद आरोपी प्रेमी नेहाल वर्मा को बेल देने से कोर्ट ने इनकार कर दिया है.

IND vs WI टी20: JSCA स्टेडियम जाने से पहले देख लें पार्किंग प्लान, कहीं मिस न हो जाए क्रिकेट का रोमांच

IND vs WI टी20: JSCA स्टेडियम जाने से पहले देख लें पार्किंग प्लान, कहीं मिस न हो जाए क्रिकेट का रोमांच

भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग और आवागमन की विशेष व्यवस्था की है.

आधार कार्ड में बदला नाम, बनाई फर्जी वंशावली.. जमीन फर्जीवाड़े के सनसनीखेज मामले का पर्दाफ़ाश, आरोपी गिरफ्तार 

आधार कार्ड में बदला नाम, बनाई फर्जी वंशावली.. जमीन फर्जीवाड़े के सनसनीखेज मामले का पर्दाफ़ाश, आरोपी गिरफ्तार 

जमीन फर्जीवाड़े के सनसनीखेज मामले का पर्दाफ़ाश हुआ है. जालसाज ने आधार कार्ड में अपना नाम बदलकर और फर्जी वंशावली बनाकर फर्जीवाड़ा किया.