न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: मांडर टोल प्लाजा पर बीती रात अचानक हालात हिंसक हो गए, जब एक मामूली कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया. शादी में शामिल होने जा रहे 50-60 लोगों का समूह अचानक आक्रामक हो गया और टोल कर्मियों पर हमला बोल दिया. देखते ही देखते शांत टोल प्लाजा जंग के मैदान में तब्दील हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों का समूह टोल पलका में जबरन घुस आया और लाठी-डंडों से कर्मचारियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया. टोल मेनेजर समेत कई कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया. पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
इस हिंसक घटना में टोल मैनेजर सहित करीब आधा दर्जन कमर्चारी गंभीर रूप से घायल हो गए. कुछ के सिर पर गहरी चोट आई जबकि कई लोग खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से कुछ को रिम्स रेफर किया गया. टोल मैनेजर ने आरोप लगाया है कि मामूली विवाद के बाद भीड़ ने सुनियोजित तरीके से हमला किया. इस मामले में मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं. पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही हैं.
यह भी पढ़े: आज रांची के कई इलाकों में बिजली रहेगी गुल, समय से पहले निपटा लें अपना काम