पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो के निर्देश पर गुरुवार को घाघरा थाना गेट के समीप दोपहिया वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया. मोटर वाहन निरीक्षक प्रदीप कुमार तिर्की के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई.
जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 78 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया. अचानक चले सघन वाहन जांच अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा. जांच के दौरान कई वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी गई. मोटर वाहन निरीक्षक प्रदीप कुमार तिर्की ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर विभाग गंभीर है. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अपनी सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है. उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें. जांच अभियान के साथ-साथ वाहन चालकों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया गया.
इस दौरान लोगों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: पलामू पुलिस ने मध्य विद्यालय जपला में छात्र-छात्राओं के बीच चलाया जागरूकता अभियान