मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: सीसीएल एनके एरिया अंतर्गत मधुकॉन कंपनी द्वारा निर्माणाधीन साइलो प्रोजेक्ट में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे साइलो में आग उस समय लगी, जब मजदूर दोपहर के भोजनावकाश पर थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्माणाधीन साइलो से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. घटना के समय आसपास मौजूद मजदूरों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. इसके बाद मजदूरों ने तत्काल कंपनी अधिकारियों को सूचना दी. आग बुझाने के लिए मजदूरों, अधिकारियों तथा कंपनी परिसर में मौजूद पानी के टैंकरों की मदद ली गई. करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. बताया जा रहा है कि भोजनावकाश से पूर्व साइलो में वेल्डिंग का कार्य किया गया था. आशंका जताई जा रही है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से साइलो में लगी सुरक्षा जाली में आग पकड़ ली. इसके बाद वहां रखे लकड़ी के तख्ते, प्लाई और अन्य निर्माण सामग्री जलने लगी. हालांकि इस घटना में किसी मजदूर के हताहत होने की सूचना नहीं है. समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया.
यह भी पढ़ें: माहुरी वैश्य मंडल ने मनाया अपना 113वां स्थापना दिवस समारोह, समाज के लिए काम करने वालों के वंशजों को किया गया सम्मानित