न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: शुक्रवार दोपहर प्रोजेक्ट भवन सचिवालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब परिसर में स्थापित एक जेनरेटर में अचानक आग लग गई. लगभग 3:30 बजे हुई इस घटना के बाद देखते ही देखते काले धुएं का घना गुबार पूरे इलाके में फैल गया. धुएं के वजह से वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच कुछ समय के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई.
महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित, मुख्य भवन तक नहीं पहुंची आग
हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ. सचिवालय के अहम दस्तावेज और सरकारी फाइलें पूरी तरह सुरक्षित रहीं. जानकारी के अनुसार, जेनरेटर मुख्य भवन से कुछ दूरी पर स्थापित था, जिसकी वजह से आग और धुएं का असर दफ्तरों के भीतर तक नहीं पहुंच पाया.
दमकल की फुर्ती से आग पर जल्द पाया गया नियंत्रण
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया. दमकल कर्मियों ने चारों ओर से आग को घेरकर जल्द ही उस पर काबू पा लिया. उनकी तत्परता के चलते आग को अन्य मशीनों और बिजली से जुड़े उपकरणों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया.
ये भी पढ़ें- बिरसा मुंडा के परिजनों के सहायत के लिए आगे आई रांची पुलिस, अधिकारियों ने अपने वेतन से दिए 1.15 लाख रुपए