न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: गुमला के घाघरा थाना क्षेत्र के कुगांव गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पलभर में उजाड़ दिया. मृतक किसान की पहचान देवराज उरांव (42) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, देवराज उरांव रविवार दोपहर अपने खेत में धान का बिचड़ा छिटने का काम कर रहे थे. कृषि कार्य पूरा कर वह घर लौटने की तैयारी में थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उन पर गिर गई. वज्रपात इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक देवराज दम तोड़ चुके थे. हादसे के बाद गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. देवराज अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. उनके पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं. सबसे बड़ा बेटा नौवीं कक्षा में पढ़ता है. पिता की असमय मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है और परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. वही ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आपदा राहत राशि, सरकारी मुआवजा एवं अन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: रांची में 4 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, खुद की खेती की अफीम बेचने जा रहा था आरोपी