न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से झारखंड के लातेहार जिले में शादी समारोह में शामिल होने जा रही बारात के साथ बड़ा हादसा हो गया. महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ओरसा घाटी में बारातियों से भरी एक बस बेकाबू होकर पलट गई. इस भीषण दुर्घटना में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए. हादसे के बाद शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गई.
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के पिपरसोत गांव से करीब 90 बाराती एक बस में सवार होकर झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ स्थित लोध गांव आ रहे थे. बस की बैठने की क्षमता करीब 50 लोगों की थी, लेकिन इसमें क्षमता से कहीं ज्यादा लोग सवार थे. जैसे ही बस ओरसा घाटी पहुंची, अचानक ड्राइवर का नियंत्रण वाहन से हट गया. शुरुआती जानकारी में बस के ब्रेक फेल होने की बात भी सामने आ रही है. ओवरलोड होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और घाटी में पलट गई.
बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. हादसे में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में घायल हुए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तुरंत महुआडांड़ स्वास्थ्य केंद्र व आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
गंभीर घायलों को रांची रेफर
हादसे में करीब दो दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है. कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है.
मृतकों की हुई पहचान
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के पिपरसोत गांव के रहने वाले लीलावती देवी, रमेश मनिका, फगुआ राम, रेशांति देवी, प्रेमा देवी, सीता देवी, सोनामती देवी, सुखना भुईया और विजय सिंह के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़े: पटना: BTSC कार्यालय के बाहर पारा मेडिकल छात्रों का जोरदार प्रदर्शन