पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा के अंतर्गत मंगलवार, 26 मई 2026 को हाई रिस्क विलेज दिरगांव में आयुष्मान आरोग्य शिविर का सफल आयोजन किया गया. शिविर में असुरक्षित एवं वल्नरेबल समूहों के लोगों की विशेष स्वास्थ्य जांच की गई.
शिविर के दौरान हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से लाभुकों का एक्स-रे किया गया. इसके साथ ही शुगर जांच, रक्तचाप (बीपी) जांच, ऊंचाई एवं वजन मापकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया गया. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों से बचाव एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां देकर जागरूक किया.
शिविर का मुख्य उद्देश्य हाई रिस्क एवं वल्नरेबल समूहों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना रहा. ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर शिविर का लाभ उठाया.
इस अवसर पर वरीय चिकित्सा पर्यवेक्षक अमित कुमार प्रसाद, एक्स-रे टेक्निशियन संतोष कुमार ठाकुर, बीटीटी बबीता देवी, सहिया साथी समीना तिर्की, सीएचओ रंजना किरकेटा, एएनएम इफ्रेमशिला मींज, एएनएम सीता मुनी मींज, सहिया फूलेश्वरी देवी, मुन्नी देवी, निर्मला ग्रेस टोप्पो सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे. दूरस्थ क्षेत्र तक स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित पहुंचाने में चालक सतीश प्रसाद की भूमिका भी सराहनीय रही. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा की पूरी टीम के सफल संचालन से शिविर प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ.
यह भी पढ़ें: जिला समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं व भूमि उपलब्धता की समीक्षा