वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण प्रखंड अंतर्गत चतरा मोड़ स्थित होटल सेलिब्रेशन में मंगलवार को प्रेस क्लब चौपारण की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष शंकर यादव ने की, जबकि संचालन सचिव उमेश पासवान ने किया. बैठक में हजारीबाग में दो पत्रकारों के साथ हुई मारपीट की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई.
बैठक में बताया गया कि 28 अप्रैल 2026 को हजारीबाग में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कार्यक्रम के दौरान पत्रकार आशीष साव और सुशांत सोनी के साथ खुलेआम मारपीट की गई. इस घटना को लेकर पत्रकारों में रोष देखा गया. प्रेस क्लब अध्यक्ष शंकर यादव ने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती सिर्फ तालियों में नहीं, बल्कि सवालों में है. जहां सवाल खत्म होते हैं, वहीं जवाबदेही भी दम तोड़ देती है. उन्होंने कहा कि सवाल करना पत्रकारों का कर्तव्य है और यदि सवालों से किसी को असहजता होती है, तो जवाबों पर आत्ममंथन होना चाहिए. सचिव उमेश पासवान ने कहा कि मंत्री की मौजूदगी में पत्रकारों के साथ हुई मारपीट और दुर्व्यवहार केवल दो व्यक्तियों पर हमला नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है.
पत्रकारों की सुरक्षा और गरिमा लोकतंत्र की बुनियादी शर्त है. बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि यदि पत्रकार सुरक्षित नहीं रहेंगे तो समाज की आवाज कमजोर होगी. ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कलम और कैमरे पर हाथ उठाने की कोई हिम्मत न कर सके.बैठक में उपाध्यक्ष बिरेन्द्र शर्मा, अरविन्द सिंह, अभिमन्यु सिंह, कृष्णा पासवान, चंदन सिंह सहित कई पत्रकार उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: मनोहरपुर बाजार में तंबाकू दुकानों पर छापेमारी, प्रतिबंधित गुटखा-तंबाकू जब्त, जुर्माना लगाया गया