प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत.
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड के तुरीअम्बा गांव निवासी 71 वर्षीय वृद्ध कड़ेया उरांव बीते 24 अप्रैल से पश्चिम बंगाल से लापता है.वृद्ध के अचानक लापता हो जाने से परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल है.परिवार के लोग लगातार उनकी खोजबीन में जुटे हुए हैं,लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.मामले को लेकर परिजनों ने भरनो थाना में आवेदन देकर वृद्ध को खोजने की गुहार लगाई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार तुरीअम्बा गांव से ग्रामीण पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिला अंतर्गत लिलीवा थाना क्षेत्र में एक बारात में शामिल होने गए थे.इसी बारात में गांव के वृद्ध कड़ेया उरांव भी शामिल हुए थे.बताया जाता है कि 24 अप्रैल को बारात कार्यक्रम के दौरान ही वह अचानक कहीं चले गए और उसके बाद वापस नहीं लौटे. काफी देर तक जब उनका पता नहीं चला तो साथ गए लोगों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की.
परिजनों के अनुसार बारात में शामिल लोगों ने लिलीवा थाना क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों,रेलवे स्टेशन,बाजार एवं अन्य संभावित स्थानों पर काफी तलाश किया,लेकिन वृद्ध का कोई सुराग नहीं मिला.इसके बाद परिजन लगातार अपने स्तर से भी खोजबीन कर रहे हैं.वृद्ध के लंबे समय से लापता रहने के कारण परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.परिजनों ने आशंका जताई है कि वृद्ध रास्ता भटक गए होंगे
.इधर परिजनों ने भरनो थाना पहुंचकर मामले की जानकारी देते हुए आवेदन सौंपा है और पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द वृद्ध की खोजबीन कराने की मांग की है.थाना में आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को कड़ेया उरांव के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत भरनो थाना या उनके परिवार को सूचना दें,ताकि वृद्ध को सकुशल घर वापस लाया जा सके.
यह भी पढ़ें: गांडेय में 15वीं वित्त योजनाओं को लेकर बीडीओ ने की समीक्षा बैठक, सभी पंचायतों के मुखिया और पंचायत सेवकों ने लिया भाग