मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: :पिपरवार कोयलांचल क्षेत्र स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल कल्याणपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई.इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.जिसमें क्विज प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहा.कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या आभा खन्ना ने शिक्षकों के साथ बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की.
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान के निर्माता ही नहीं,बल्कि एक महान समाज सुधारक थे,जिन्होंने देश को समानता,न्याय और अधिकारों का मार्ग दिखाया.उनका जीवन संघर्ष,शिक्षा और सफलता का अद्वितीय उदाहरण है.उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होती,बल्कि यह व्यक्ति की सोच और समझ को विकसित करती है,जो समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
इस विशेष अवसर पर विद्यालय में कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के कुल 16 छात्र-छात्राओं के बीच क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई.प्रतियोगिता का विषय डॉ. अंबेडकर के जीवन,उनके विचारों,उपलब्धियों, पुरस्कारों और योगदान से संबंधित था.कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका निक्की कुमारी ने किया.प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.वहीं दर्शक दीर्घा में बैठे छात्रों ने भी प्रश्नों के उत्तर देने में सक्रिय भागीदारी दिखाई.
इस प्रतियोगिता मे प्रथम स्थान (ग्रुप डी) से शिवम कुमार,आदर्श कुमार,अमर, ऋषभ,द्वितीय स्थान (ग्रुप बी) से आराध्या,प्रत्यूष,ऋतु राज,संगम रही.कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुआ.
यह भी पढ़ें: पिपरवार में बाबा साहेब की जयंती की पूर्व संध्या पर निकाली गयी भव्य शोभायात्रा