भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय थाना क्षेत्र के महादेवडीह के समीप बुधवार को तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार और टोटो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में टोटो सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान पहरीडीह गांव निवासी इमामुद्दीन अंसारी और शाहिद अंसारी के रूप में हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महादेवडीह मुख्य मार्ग पर दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांडेय पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
इधर हादसे के बाद स्विफ्ट डिजायर का चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक रामगढ़ ने थाने का किया भौतिक निरीक्षण, पदाधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश