न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में रविवार सुबह जिला अस्पताल में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी को दहला दिया. अस्पताल परिसर में अचानक नवजात बच्ची के मिलने से हड़कंप मच गया. लोग यह सोचकर हैरान थे कि इतनी छोटी सी जान अस्पताल की बालकनी के नीचे कैसे पहुंची.
वॉशरूम में हुई डिलीवरी, फिर खौफनाक कदम
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, यह बच्ची एक नाबालिग लड़की की है, जिसने अस्पताल के वॉशरूम में गुपचुप तरीके से बच्ची को जन्म दिया. नवजात के रोने की आवाज सुनकर कोई पहुंचने से पहले ही नाबालिग ने बदनामी के डर से मासूम को मारने की कोशिश की. उसने बच्ची को बालकनी की खिड़की से नीचे फेंक दिया. चमत्कारिक रूप से बच्ची नीचे पड़े कचरे और प्लास्टिक के ढेर पर गिरी, जिससे उसकी जान बच गई. गले में हल्की चोट आने के बावजूद बच्ची सांस ले रही थी. जिसके बाद तुरंत डॉक्टरों को सूचना दी गई और उसे स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट में भर्ती कराया गया. हालांकि डॉक्टरों ने राहत की खबर दी कि फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर हैं.
पुलिस की जांच में खुला राज
लालबाग थाना प्रभारी अमित सिंह यादव ने बताया कि नवजात मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. अस्पताल कर्मचारियों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद शक गहराया. आखिरकार सामने आया कि उसी दिन अस्पताल में आई एक नाबालिग ने ही बच्ची को जन्म देकर उसे खिड़की से नीचे फेंका था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नाबालिग से पूछताछ की जा रही हैं.
यह भी पढ़े: गरबा खेलते हुए अचानक से गिरी लड़की की हुई मौत, लोगों को लगा मजाक कर रही है लड़की