न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में लोगों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए नई योजना का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि राज्यभर में विशेष कैंटीन शुरू की जाएंगी, जहां आम लोगों को केवल 5 रुपये में फिश-राइस यानी माछ-भात उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को कम कीमत में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है. राज्य सरकार की ओर से प्रस्तावित इन कैंटीनों को अलग-अलग जिलों में चरणबद्ध तरीके से शुरू किए जाने की तैयारी की जा रही है.
इस घोषणा के बाद बंगाल की राजनीति में बहस तेज हो गई है. दरअसल, हाल के दिनों में TMC के कई नेताओं ने आरोप लगाया था कि यदि BJP राज्य की सत्ता में आती है तो बंगाल में मछली, मांस और अंडे के सेवन पर रोक लगाई जा सकती है. बंगाल की संस्कृति में मछली और चावल को पारंपरिक भोजन का अहम हिस्सा माना जाता है. ऐसे में खानपान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है. हालांकि बीजेपी नेताओं ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है. पार्टी का कहना है कि बंगाली संस्कृति और खानपान की परंपराओं का पूरा सम्मान किया जाएगा. बीजेपी नेताओं ने कई मौकों पर सार्वजनिक रूप से माछ-भात भोज में शामिल होकर यह संदेश देने की कोशिश की है कि पार्टी स्थानीय खानपान और सांस्कृतिक पहचान के खिलाफ नहीं है.
यह भी पढ़ें- झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 19 साल पुराना विवाद खारिज.. औद्योगिक विवाद को माना 'बासी मामला'