न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जन सेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सफल सर्जरी की गई. इस खबर के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई और समर्थकों में चिंता का माहौल बन गया.
पवन कल्याण के राजनीतिक सचिव पी. हरिप्रसाद ने उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि अधिकारियों के साथ प्रशासनिक मामलों पर बैठक कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक असहजता महसूस हुई. इसके बाद तुरंत मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई गई और डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें अस्पताल ले जाया गया. हालांकि पार्टी नेतृत्व की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया कि उन्हें किस स्वास्थ्य समस्या के कारण सर्जरी करानी पड़ी. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से वे कुछ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे थे, लेकिन हाल में स्थिति गंभीर होने पर तत्काल इलाज की जरूरत पड़ी.
डॉक्टरों की सलाह पर उनके तय सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए और आगे की जांच व इलाज के लिए उन्हें हैदराबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया. मेडिकल टीम की देखरेख में उनकी सर्जरी की गई, जिसके बाद अब उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही हैं. पवन कल्याण का इलाज कर रहे विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल एक सप्ताह से 10 दिनों तक पूर्ण बेड रेस्ट की सलाह दी हैं. डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें सरकारी कामकाज और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाकर पूरी तरह आराम करना होगा, ताकि शरीर तेजी से रिकवर कर सके.
मेडिकल टीम के अनुसार, उनकी पूरी रिकवरी में कुछ समय लग सकता है और यह इस बात पर निर्भर करेगा कि सर्जरी के बाद उनका शरीर किस तरह प्रतिक्रिया देता हैं. फिलहाल डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पवन कल्याण का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. वहीं पार्टी नेताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने सफल सर्जरी पर राहत जताई है और उनके जल्द स्वस्थ होकर सक्रिय राजनीति में लौटने की उम्मीद व्यक्त की हैं.
यह भी पढ़े: झारखंड के लाखों कर्मियों को जल्द मिल सकती है राहत, डीए बढ़ाने की तैयारी में राज्य सरकार