न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अफरोज आलम / समस्तीपुर - समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र स्थित झखड़ा रोड पर बंधन बैंक की शाखा में दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। पांच हथियारबंद बदमाशों ने बैंक में घुसकर करीब 1.8 लाख रुपये लूट लिए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
हाईलाइट्स -
- दिनदहाड़े बैंक में 1.8 लाख की लूट
- 5 हथियारबंद बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
- महिला ग्राहकों से गहने छीने
- विरोध करने पर ग्राहक की पिटाई
- CCTV खंगाल रही पुलिस
ग्राहकों को बनाया निशाना, महिलाओं से छीने गहने
घटना के वक्त बैंक में तीन कर्मचारी, तीन महिला ग्राहक और एक पुरुष मौजूद थे। बदमाशों ने हथियार के बल पर सभी को कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर एक ग्राहक के साथ मारपीट की गई, जबकि तीन महिला ग्राहकों से गहने उतरवा लिए गए।
10-15 मिनट तक मचाया आतंक, बाइक से फरार
बदमाश करीब 10 से 15 मिनट तक बैंक के अंदर रहे और लूटपाट करने के बाद पिस्टल लहराते हुए दो बाइक से झखड़ा कॉलेज की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
CCTV खंगाल रही पुलिस, सुरक्षा पर उठे सवाल
एएसपी संजय पांडे ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि उसी दिन डिप्टी सीएम विजय चौधरी का कार्यक्रम भी इलाके में था, जिससे पुलिस बल का बड़ा हिस्सा सुरक्षा में तैनात था। ऐसे में इस लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़ें - बोधगया से सारनाथ तक गूंजेगा बुद्ध का संदेश, बुद्ध पूर्णिमा पर जुटेगा वैश्विक आध्यात्मिक संगम