न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर रांची जिला प्रशासन और पुलिस रेस हो गई है. आपसी भाईचारा के साथ पर्व-त्यौहार सम्पन्न करने को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है. बैठक का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना रहा. अधिकारियों ने त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा की.
बैठक में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के प्रतिनिधियों के साथ-साथ सभी वार्डों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे. प्रतिनिधियों ने त्योहार के दौरान आने वाली समस्याओं और व्यवस्थाओं को लेकर अपनी राय प्रशासन के सामने रखी. प्रशासन की ओर से सभी को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया. वहीं, पूजा पंडालों में बिजली, पानी, साफ-सफाई, नाली और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर नगर निगम से मांग रखी गई.
नगर निगम की ओर से बताया गया कि रांची के 178 पूजा पंडालों को 9 जोन में बांटा गया है. पूजा पंडालों और रास्तों में नालियों के ऊपर सुरक्षा के मद्देनजर 568 स्लैब उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका काम जल्द शुरू किया जाएगा. इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सुलभ शौचालय की व्यवस्था भी की जा रही है. वहीं, एसएसपी राकेश रंजन ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह का आपत्तिजनक पोस्ट नहीं करने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी भ्रामक सूचना की पुष्टि किए बिना उसे आगे शेयर न करें. प्रशासन और शांति समिति के सदस्यों ने भी लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा और दशहरा का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं.
यह भी पढ़ें- रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई! ATM कार्ड से ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार