न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
सहरसा- बिहार के सहरसा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिटानाबाद दक्षिणी पंचायत में एक सिरफिरे पड़ोसी ने एकतरफा प्यार के जुनून में 8 साल के मासूम बच्चे की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक मृतक की बड़ी बहन से एकतरफा प्यार करता था और लगातार शादी का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
हाईलाइट्स -
- सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में दिल दहला देने वाली वारदात
- एकतरफा प्रेम और शादी के दबाव में मासूम बच्चे की हत्या
- 8 साल के बच्चे पर धारदार हथियार से किया गया हमला
- बीच-बचाव करने आई 12 वर्षीय बहन भी घायल
- आरोपी मोहल्ले का पड़ोसी, वारदात के बाद फरार
- पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच तेज
जांच में पुलिस ।
बगीचे में खेलते समय किया जानलेवा हमला
मृतक की पहचान पठान टोला (वार्ड संख्या 7) निवासी मोहम्मद जियाउद्दीन के पुत्र मोहम्मद ओबेश (8 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार शाम ओबेश घर के पास स्थित बगीचे (गाछी) में खेलने गया था। इसी दौरान घात लगाए बैठे पड़ोसी मोहम्मद शाद हसन (27 वर्ष) ने धारदार हथियार से उसके गले पर हमला कर दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी 12 वर्षीय बहन को भी आरोपी ने घायल कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण और परिजन गंभीर रूप से घायल बच्चे को आनन-फानन में सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। मां सकीना खातून का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार सदमे में है।
एकतरफा प्यार और पुरानी रंजिश का एंगल
परिजनों का आरोप है कि आरोपी मोहम्मद शाद हसन मृतक की बड़ी बहन से एकतरफा प्रेम करता था और शादी के लिए दबाव बना रहा था। परिवार के इनकार के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी ने मासूम को निशाना बनाकर बदला लिया।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया पुरानी रंजिश और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। डीएसपी सहरसा हेडक्वार्टर कमलेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें - कोर्ट का वारंट, पुलिस की चुप्पी और 3 साल से इंसाफ का इंतजार — गोपालपुर केस ने उठाए सिस्टम पर सवाल