न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी - गया जिले के आमस थाना क्षेत्र में मद्यनिषेध विभाग ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 1076.400 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर राज विगहा के समीप चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान टीम ने संदिग्ध पिकअप वाहन संख्या JH-10BB-6823 को रोककर तलाशी ली। जांच में वाहन के अंदर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। मौके पर ही वाहन को जब्त कर लिया गया और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार बरामद शराब की कुल संख्या 2760 बोतल है, जिसे बिहार के विभिन्न इलाकों में खपाने की तैयारी थी।
हाईलाइट्स -
- आमस थाना क्षेत्र में पिकअप वाहन से 1076.400 लीटर विदेशी शराब बरामद।
- वाहन चालक विकाश कुमार को मौके से गिरफ्तार किया गया।
- जब्त शराब की कुल 2760 बोतलें बरामद हुईं।
- मद्यनिषेध विभाग तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटा।
- शराबबंदी कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर वाहन जब्त।
भोजपुर का युवक गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच शुरु
गिरफ्तार युवक की पहचान विकाश कुमार (23 वर्ष), पिता जय कुमार सिंह, निवासी कुम्हैला गांव, थाना चारपोखरी, जिला भोजपुर के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद मद्यनिषेध विभाग उससे पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क, सप्लायर और डिलीवरी प्वाइंट से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि यह खेप किसी संगठित तस्करी गिरोह से जुड़ी हो सकती है। मामले में मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जब्त वाहन और शराब को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत कब्जे में लिया गया है। विभाग का कहना है कि अनुसंधान जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
मद्यनिषेध विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद पड़ोसी राज्यों से शराब की तस्करी के प्रयास लगातार सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए प्रमुख मार्गों, सीमावर्ती क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आमस में की गई यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा है। विभाग ने कहा कि शराब तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में सहायक अवर निरीक्षक बंटी यादव, दिलीप कुमार ऋषि, धर्मेंद्र बैठा, विजय कुमार सहित मद्यनिषेध सिपाहियों, सैप बल और गृहरक्षक जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की सतर्कता के कारण बड़ी मात्रा में शराब की खेप बिहार में खपने से पहले ही पकड़ ली गई, जिसे विभाग ने हाल के दिनों की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
इसे भी पढ़ें - श्रावणी मेला से पहले रेल पुलिस हाई अलर्ट, स्टेशन-ट्रेन में बढ़ेगी निगरानी, तैनात होंगे अतिरिक्त जवान