न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
पूजा शर्मा/पटना: बिहार स्थित जमुई और समस्तीपुर में हुई घटनाओं के बाद एक ओर जहां विपक्षी दल सरकार और सीएम सम्राट चौधरी पर जुबानी हमला कर रहे हैं वहीं अब NDA के नेताओं ने भी सवाल करने शुरू कर दिए हैं।
बिहार के जमुई और समस्तीपुर में लड़कियों के साथ हुई छेड़छाड़ और अभद्रता के मामलों में राज्य सरकार घिरी हुई है। सीएम सम्राट चौधरी पर अब सहयोगी भी सवाल उठा रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने एक ओर जहां सम्राट से इस्तीफा मांगा है तो वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी सरकार पर निशाना साधा है।
चिराग पासवान ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि बिहार में जमुई के बाद अब समस्तीपुर में जो छेड़खानी की घटना सामने आई है वो बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि सरेआम बच्चियों के साथ अमानवीय व्यवहार कर रहे हैं। ये हम सभी के लिए चिंता का विषय है। जब सरेआम बच्चियों के साथ ऐसी हरकतें होने लगे, तो यह कानून-व्यवस्था और प्रशासन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आगे लिखा कि इस मामले में 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है लेकिन कार्रवाई यहीं नहीं रुकनी चाहिए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मांग करता हूं कि इस घटना में संलिप्त हर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। जैसे जमुई की घटना में शामिल आरोपी का एनकाउंटर हुआ ठीक वैसे ही इस घटना के आरोपियों का भी एनकाउंटर हो ताकि अपराधियों में कानून का भय कायम हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।