न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
शेरघाटी / राहुल कुमार - शेरघाटी अनुमंडल के आमस थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर घर लौट रही एक नाबालिग के साथ चार युवकों द्वारा कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिशुपाल कुमार और साजन कुमार समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो विधि-विरुद्ध किशोर भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में आक्रोश व्याप्त है और लोग कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
कार्यक्रम से लौटते समय बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार पीड़िता गांव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गई थी। देर रात वह अकेले घर लौट रही थी, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चार युवकों ने उसे रोक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और धमकी दी। इसके बाद उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर घटना को अंजाम दिया गया। किसी तरह पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जांच की मांग करते परिजन ।
त्वरित कार्रवाई में चारों आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही आमस थाना पुलिस सक्रिय हो गई और छापेमारी शुरू की। कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान पहले से हो चुकी थी, जिससे कार्रवाई में तेजी आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए शेरघाटी एसडीपीओ-2 अजय कुमार मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी की। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
पीड़ित परिवार सदमे में, इंसाफ की मांग
घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। पीड़िता के पिता ने आरोपियों को कठोर सजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि गांव के ही कुछ युवकों ने उनकी बेटी के साथ यह जघन्य अपराध किया। आमस थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मजबूत साक्ष्य जुटा रही है ताकि मामले में स्पीडी ट्रायल के जरिए जल्द से जल्द सजा सुनिश्चित कराई जा सके।
इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों को जल्द सजा दिलाने की मांग की है।
इसे भी पढे़ें - 8 साल के बच्चे की गला रेतकर हत्या, पड़ोसी के एकतरफा प्यार ने रची दर्दनाक कहानी