न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र स्थित चांयटोला करबला में मंगलवार से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. गांव के किसान बिन्देश्वरी महतो के 25 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार उर्फ मीरो की सोमवार देर रात करीब 10:30 बजे हुई बाइक दुर्घटना में मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल अमरजीत को परिजन तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले आए. इधर, सुबह जैसे ही अमरजीत की मौत की खबर उसके पड़ोसी और चाचा 60 वर्षीय अरुण महतो तक पहुंची, उन्हें अचानक हार्ट अटैक आ गया. परिजन आनन-फानन में उन्हें भी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया. दोनों मौतों की सूचना जैसे ही गांव में फैली, पूरा चांयटोला करबला मातम में डूब गया. मंगलवार की दोपहर दोनों चाचा और भतीजे की एक साथ शव यात्रा निकाली गई. गांव की गलियों में एक साथ दो शव उठने से वातावरण करुण क्रंदन से गूंज उठा. परिजनों के चीत्कार से माहौल बेहद गमगीन रहा. गांव वालों ने बताया कि चांयटोला करबला में लगभग 150 परिवार रहते हैं और हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार दो दिन तक किसी भी घर में चूल्हा नहीं जलेगा. मृतक अमरजीत तीन भाइयों में सबसे छोटा था. उसकी और चाचा अरुण महतो की अचानक मौत से पिता बिन्देश्वरी महतो, मां अहिल्या देवी, भाई वीरेन्द्र, सुरेन्द्र और पूरा परिवार रो-रोकर बेहाल है. उधर, अरुण महतो की मौत से उनकी पत्नी उखा देवी, पुत्र विकास, विभाष, वीरन, विशाल और पुत्री अर्चना कुमारी का भी रोते-रोते बुरा हाल है. यह दोहरी मृत्यु पूरे गांव को हिला गई है. चाचा और भतीजे की एक साथ हुई मौत ने चांयटोला करबला सहित पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़े: पुलिस हिरासत में कथित मारपीट से मनोज साह की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप