न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क (दिवाकर कुमार, मुंगेर): मुंगेर से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर मारपीट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुरुष और महिलाएं भी लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला कर रही हैं। जांच में पता चला है कि यह वीडियो वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चौखंडी गांव का है, जहां जमीन पर सामान रखने को लेकर दो पड़ोसी परिवार आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
क्या है मामला
मामले की पड़ताल में सामने आया है कि चौखंडी गांव निवासी अनीता देवी के घर के पीछे खाली जमीन है। आरोप है कि पड़ोसी सन्नी सहनी और उसके परिवार ने बिना इजाजत उस जमीन पर अपना सामान रख दिया है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
पहले भी दोनों पक्षों में हुई थी मारपीट
बताया जा रहा है कि इससे पहले 16 अप्रैल को भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसे डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया था लेकिन उसी रात विवाद फिर भड़क गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर टूट पड़े हैं। यहां तक कि जमीन पर गिरने के बाद भी एक वृद्ध को बेरहमी से पीटा गया है। इस हिंसक झड़प में अनीता देवी के पक्ष से पांच लोग घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से तीन लोग जख्मी बताए जा रहे हैं।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया, जहां दोनों तरफ से लिखित आवेदन देकर करीब 10-10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से दो-दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।