न्यूज 11 भारत बिहार डेस्क
शंभू भगत / भागलपुर: भागलपुर नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा प्रखंड अंतर्गत झल्लूदास टोला स्थित गंगा घाट पर दर्दनाक हादसा हो गया। मुंडन संस्कार के लिए आए एक ही परिवार के तीन सदस्य गंगा नदी में स्नान के दौरान डूब गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के भटगामा से एक परिवार मुंडन संस्कार के लिए गंगा घाट पहुंचा था। इसी दौरान परिवार के एक युवक और दो युवतियां स्नान करने नदी में उतरीं। नदी में उतरते ही अचानक पैर फिसलने से तीनों गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे।
गोताखोरों ने शुरू किया बचाव कार्य
घटना के दौरान घाट पर मौजूद परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन तेज कर दी। साथ ही एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई। मृतकों की पहचान मोनी कुमारी (बुआ), गौरव कुमार (12 वर्ष) और साक्षी कुमारी के रूप में हुई है।
सगे भाई-बहन थे गौरव और साक्षी
गौरव और साक्षी सगे भाई-बहन बताए जा रहे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गंगा घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे न तो बैरिकेडिंग की व्यवस्था थी और न ही चेतावनी या रस्सी लगाई गई थी, जिससे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।