न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पूर्णिया - जिले के अमौर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की आत्महत्या का मामला सामने आया है, जिसने दहेज प्रताड़ना और मानसिक दबाव से परेशान होकर फांसी लगा ली। घटना धुरपैली पंचायत के बालूगंज इलाके की बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, मृतका सुलोचना कुमारी की शादी कुछ वर्ष पहले सुजीत कुमार नामक युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और झगड़ा किया जाता था।
हाईलाइट्स-
- पूर्णिया के अमौर थाना क्षेत्र में विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
- पति और ससुराल पर दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप
- फोन पर “मर जाओ” कहकर देता था धमकी, परिजनों का दावा
- एक साल से मायके में रह रही थी मृतका, कोर्ट में मामला लंबित
- पंचायत के बाद भी नहीं सुलझा विवाद
- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
पंचायत भी बेअसर रही
मामले को सुलझाने के लिए कुछ महीने पहले पंचायत स्तर पर बैठक भी आयोजित की गई थी, लेकिन ससुराल पक्ष ने किसी तरह का समझौता नहीं किया। स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई।
एक साल से मायके में रह रही थी
बताया जा रहा है कि विवाहिता पिछले करीब एक साल से अपने मायके में रह रही थी। इस दौरान उसने न्याय के लिए अदालत का भी दरवाजा खटखटाया था और मामला अभी विचाराधीन था।
फोन पर मिलती थी धमकी
परिजनों का आरोप है कि पति अक्सर फोन कर उसे धमकाता था। वह कहता था कि वह उसे अपने साथ नहीं रखेगा और “मर जाने” तक की बात कहता था। इन धमकियों और तनाव ने सुलोचना को अंदर से तोड़ दिया।
मानसिक दबाव में उठाया कदम
मां के मुताबिक, लगातार मानसिक उत्पीड़न और फोन पर हुई आखिरी बहस के बाद सुलोचना ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही अमौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी गई है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें - नई शादी के 2 महीने बाद युवक की संदिग्ध मौत: पत्नी का दावा- सीढ़ी से गिरा लेकिन गले के निशान .. भागलपुर में बढ़ा सस्पेंस