न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - पटना के जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) के किनारे बेतरतीब तरीके से लगने वाले ठेला-खोमचा दुकानदारों को अब व्यवस्थित किया जाएगा। नगर निगम ने इसके लिए तैयारी तेज कर दी है। दीघा गोलंबर के नीचे वेंडिंग जोन बनाने के लिए दानापुर अंचलाधिकारी से एनओसी मिलने के बाद इस परियोजना को गति मिल गई है।
वेंडरों को मिलेगी बेहतर जगहॉ
फिलहाल गंगा घाट के किनारे दुकान लगाने वाले वेंडरों को धूल और कम कमाई जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन्हें अब अटल पथ से रेलवे क्रॉसिंग के बीच करीब 55 हजार वर्गफुट खाली जमीन पर शिफ्ट किया जाएगा, जहां उन्हें व्यवस्थित तरीके से जगह दी जाएगी।
15 मई तक 250 दुकानदारों को बसाने का लक्ष्य
नगर निगम ने इस वेंडिंग जोन को विकसित करने के लिए 2.96 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई है। इसमें पेवर ब्लॉक बिछाने और हाई मास्ट लाइट लगाने जैसे काम शामिल हैं।
पहले चरण में 15 मई तक करीब 250 दुकानदारों को यहां अस्थायी रूप से बसाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसके लिए 59 लाख रुपये अलग से आवंटित किए गए हैं।
दूसरे फेज में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
परियोजना के दूसरे चरण में वेंडिंग जोन को और बेहतर बनाया जाएगा। यहां फुट ओवरब्रिज, पार्किंग, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। भविष्य में इस इलाके को पार्क और एंटरटेनमेंट जोन के रूप में भी विकसित करने की योजना है।
अगस्त तक लगेंगी 50 प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत अगस्त तक यहां 50 अत्याधुनिक प्री-फैब्रिकेटेड दुकानें स्थापित की जाएंगी। करीब 7.18 करोड़ रुपये की इस परियोजना में 45 छोटी और 5 बड़ी दुकानें शामिल होंगी।
इन दुकानों को 10-10 के पांच क्लस्टर में बांटा जाएगा और इनमें बिजली, ड्रेनेज, प्लंबिंग व एलईडी लाइटिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। रखरखाव की जिम्मेदारी तीन साल तक संबंधित एजेंसी के पास रहेगी।
पहले 500 दुकानों की योजना हो चुकी है फेल
इससे पहले स्मार्ट सिटी मिशन के तहत गंगा पथ पर 15.45 करोड़ रुपये की लागत से 500 प्री-फैब दुकानों की योजना बनाई गई थी। 200 से अधिक दुकानें लग भी चुकी थीं, लेकिन डिजाइन और गाइडलाइन का पालन नहीं होने के कारण जनवरी 2026 में इन्हें हटाना पड़ा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने गंगा पथ पर स्थायी निर्माण पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद अब नई डिजाइन और नियमों के अनुसार परियोजना को फिर से शुरू किया गया है।
इसे भी पढ़ें - गया में महिला की हत्या, बैग‑टॉर्च बने सुराग; तिलक के दिन युवक हिरासत में