रात के अंधेरे में हॉस्टल के अंदर क्या हुआ? सीसीटीवी फुटेज से खुला जहानाबाद में 5...

रात के अंधेरे में हॉस्टल के अंदर क्या हुआ? सीसीटीवी फुटेज से खुला जहानाबाद में 5 साल के छात्र के मर्डर का राज

जहानाबाद हॉस्टल कांड का सनसनीखेज खुलासा! कैंटीन गार्ड ने कुकर्म के बाद की 5 वर्षीय मासूम की हत्या। बदले की सनक और बच्चों के चिढ़ाने से बना हैवान। पुलिस ने आरोपी को दबोचा, अब चलेगा स्पीडी ट्रायल।

रात के अंधेरे में हॉस्टल के अंदर क्या हुआ सीसीटीवी फुटेज से खुला जहानाबाद में 5 साल के छात्र के मर्डर का राज

न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: जहानाबाद के गुरुकुल हॉस्टल में यूकेजी के एक 5 वर्षीय छात्र की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। पुलिस जांच में यह खौफनाक सच सामने आया है कि हॉस्टल के कैंटीन गार्ड, मुकेश कुमार उर्फ सुदामा ने मासूम बच्चे के साथ पहले कुकर्म किया और फिर उसकी बेरहमी से जान ले ली। पुलिस ने घटनास्थल से खून के निशान और वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।

बदले की आग और चिढ़ाने का बना बहाना

एसपी अपराजित लोहान के अनुसार, आरोपी मुकेश एक गहरे मानसिक तनाव और हीन भावना से गुजर रहा था। उसने पुलिस को बताया कि बच्चे उसे 'नपुंसक' कहकर चिढ़ाते थे, जिससे वह आक्रोश में रहता था। इसके अलावा, हॉस्टल संचालक से उसकी अनबन चल रही थी। वह हॉस्टल का नाम खराब करने और संचालक को सबक सिखाने के लिए किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

शराब के नशे में वारदात को दिया अंजाम

घटना वाली रात आरोपी ने कहीं से शराब का इंतजाम किया और नशे में धुत होकर हॉस्टल पहुंचा। जब रात को बच्चे टीवी देखने के बाद अपने कमरों की ओर लौट रहे थे, तभी उसने अंधेरे का फायदा उठाकर मासूम को दबोच लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी इस बात की पुष्टि की है कि बच्चे की हत्या करने से पहले उसके साथ यौन शोषण किया गया था।

CCTV फुटेज और SIT की मुस्तैदी से खुला राज

इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम (SIT) बनाई गई थी। पुलिस ने जब हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तो मुकेश की हरकतें संदिग्ध पाई गईं। हिरासत में लेने के बाद शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर वह टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया।

स्पीडी ट्रायल के जरिए मिलेगी कड़ी सजा

पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा। पुलिस का लक्ष्य है कि कम से कम समय में चार्जशीट दाखिल कर आरोपी को फांसी जैसी कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके। आरोपी मुकेश पाली थाना क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

प्रमुख खबरें