न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार में इन दिनों भीषण गर्मी जन-जीवन को प्रभावित करने लगी है। गर्म हवाओं और सूरज के तल्ख तेवर के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। खेती-किसानी से लेकर रोजमर्रा के कामकाज तक प्रभावित हो रहे है। सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना मजदूर वर्ग को करना पड़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के दक्षिण-पश्चिम भाग के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद मोतिहारी, भागलपुर, शेखपुरा और अरवल जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही 20 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने का अनुमान है। वहीं 24 अप्रैल से उत्तर बिहार में मौसम बदल सकता है।
24 अप्रैल से होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 23 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है, जो पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसका असर बिहार के मौसम पर भी पड़ेगा। 24 अप्रैल से उत्तर बिहार में गरज-चमक और आंधी के साथ बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। हालांकि इस दौरान दक्षिण बिहार को भीषण गर्मी की चपेट से राहत नहीं मिलेगी। 25 अप्रैल तक राज्य का न्यूनतम तापमान 24 से 26 और अधिकतम 36 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई जा रही है।
इन शहरों का तापमान 40 के पार
इन शहरों में तापमान रहा 40 के पार
मंगलवार को राज्य के 18 शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। इसमें गया का 42.7, शेखपुरा 42.5, भभुआ 41.8, पटना व भागलपुर 41.5, वाल्मीकिनगर, मोतिहारी, छपरा व डुमरांव 41.2, औरंगाबाद 40.9, सुपौल व जिरादेई 40.8, सबौर 40.6, अरवल 40.4, राजगीर व जहानाबाद 40.3 और मुंगेर का अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस था।
पांच डिग्री बढ़ा अधिकतम तापमान
मंगलवार को राज्य के अधिकतर शहरों के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 5.0 और न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। राज्य का अधिकतम तापमान 38.3 से 42.7 और न्यूनतम तापमान 21.8 से 30.9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।
पटना का अधिकतम तापमान 40 के पार
पटना का तापमान इस दिन 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा। राजधानी के अधिकतम तापमान में 1.5 और न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। यहां अधिकतम तापमान 41.5 और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा।