न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार से दक्षिण भारत की ओर जाने वाले रेलयात्रियों के लिए पूर्व मध्य रेल ने खुशखबरी दी है। यात्रियों की अधिक भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने दानापुर और एस.एम.वी.टी. बेंगलुरू के मध्य चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार करने का फैसला लिया है। अब यह ट्रेन मई के अंत और जून के पहले सप्ताह तक अपनी सेवाएं प्रदान करेगी। ट्रेनों की परिचालन अवधि का विस्तार होने से गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करने वाले परीक्षार्थियों, कामगारों और पर्यटकों को काफी सुविधा होगी।
विस्तारित अवधि और टाइम-टेबल
रेलवे द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, अब यह स्पेशल ट्रेन दानापुर से बेंगलुरू के लिए 31 मई 2026 तक और वापसी की दिशा में 02 जून 2026 तक रोजाना चलाई जाएगी।
गाड़ी संख्या 03251 (दानापुर-एस.एम.वी.टी. बेंगलुरू)
यह ट्रेन दानापुर से रोजाना दोपहर 15:00 बजे रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए तीसरे दिन दोपहर 14:30 बजे एस.एम.वी.टी. बेंगलुरू पहुंच जाएगी। इस ट्रेन का विस्तार 31.05.2026 तक के लिए किया गया है।
गाड़ी संख्या 03252 (एस.एम.वी.टी. बेंगलुरू-दानापुर)
वापसी में यह ट्रेन एस.एम.वी.टी. बेंगलुरू से रात 23:50 बजे चलेगी और तीसरे दिन रात 23:55 बजे दानापुर पहुंच जाएगी। इस ट्रेन का परिचालन अब 02.06.2026 तक जारी रहेगा।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह स्पेशल ट्रेन उत्तर और दक्षिण भारत को जोड़ने वाले कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी। अप एवं डाउन दोनों दिशाओं में इसका ठहराव आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, विजयवाड़ा और पेरम्बूर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगी।