न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी - गया जिले के नक्सल प्रभावित डुमरिया प्रखंड थाना क्षेत्र के कोल्हूबार पंचायत, मटहा गांव में शनिवार देर रात एक महिला की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान बिफनी देवी (55) पत्नी स्व. धोबी यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।
हाईलाइट्स -
- गया जिले के डुमरिया प्रखंड में महिला की धारदार हथियार से हत्या
- मृतका की पहचान बिफनी देवी (55) के रूप में हुई
- शव रामसागर आहार के पास संदिग्ध परिस्थिति में बरामद
- पुलिस ने बैग, टॉर्च और झूला को साक्ष्य के रूप में जब्त किया
- तिलक के दिन युवक राम बरत यादव हिरासत में
- नतनी के बयान से जांच को नए सुराग मिले
- डीएसपी बोले — हर एंगल से जांच जारी
- नक्सल प्रभावित क्षेत्र में वारदात से ग्रामीणों में दहशत
शव बरामद, अहम साक्ष्य मिले
रविवार सुबह महिला का शव रामसागर आहार के समीप संदिग्ध परिस्थिति में बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने एक बैग, टॉर्च और झूला बरामद किया है, जिन्हें जांच के लिहाज से अहम साक्ष्य माना जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेजा गया है।
युवक हिरासत में, तिलक का संयोग
परिजनों के बयान पर पुलिस ने राम बरत यादव नामक युवक को हिरासत में लिया है। खास बात यह है कि उसी दिन आरोपी बताए जा रहे युवक का तिलक कार्यक्रम होना था, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है।
नतनी का खुलासा, पुलिस सतर्क
मृतका की नतनी ने घटना से जुड़े कुछ अहम तथ्य उजागर किए हैं। पुलिस इन बयानों को गंभीरता से जांच में शामिल कर रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
डीएसपी बोले — हर पहलू पर जांच
इमामगंज डीएसपी कमलेश कुमार ने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। हत्या के कारणों और आरोपित की संलिप्तता पर अभी स्पष्ट रूप से कुछ कहना जल्दबाजी होगी। पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
नक्सल क्षेत्र में दहशत
नक्सल प्रभावित इलाके में हुई इस वारदात से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग पुलिस से शीघ्र घटना का खुलासा करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें - सारण जिले में तिलकोत्सव पर खूनी विवाद, वार्ड पार्षद की हत्या, दो भाई घायल