न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: शहरवासियों की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पटना के करीब 110 पार्कों को सीसीटीवी कैमरे से लैस करने की योजना बनाई गई है। इन पार्कों में करीब 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे ढाई लाख विजिटर्स और पार्कों की सुरक्षा भी बढ़ेगी। खासकर महिलाओं और बच्चों के लिए पार्कों को सुरक्षित जोन तौर पर विकसित किया जाएगा। इस कड़ी में चिल्ड्रन पार्क में दो सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। सभी पार्कों में लगे कैमरों की ईको पार्क से सेंट्रलाइज मॉनिटरिंग होगी।
थीम आधारित पार्क भी बनेंगे
इसके अलावा पटना शहर को हरा-भरा बनाने के लिए अगले 4 वर्षों में कुल 40 पार्कों का निर्माण किया जाएगा। ये सारे पार्क थीम बेस्ड होंगे और हर पार्क की अपनी अलग पहचान होगी। इन पार्कों में औषधि वाटिका, लैंड स्केपिंग, सजावटी पौधे और बच्चों के खेलने के लिए विशेष क्षेत्र बनाए जाएंगे। साथ ही इन पार्कों में ओपन जिम, आधुनिक लाइटिंग, वर्षा जल संचयन और कचरा प्रबंधन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
35 पार्कों में होंगे योगा शेड
शहर के करीब 35 बड़े पार्कों में योगा शेड बनाई जाएगी। इसके लिए पार्क चयन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। एक शेड के नीचे लगभग 25 से अधिक लोग योगा कर सकेंगे।