न्यूज11 भारत
पटना/डेस्क: गुलजारबाग पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रोफेसर सह छात्रावास सुप्रिटेंडेंट मिथिलेश कुमार को निगरानी की टीम ने बॉयज हॉस्टल स्थित दफ्तर से 1.5 लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया.
मिथिलेश पर भभुआ के रहने वाले संदीप कुमार दुबे उर्फ रौनक ने रिश्वत मांगने का आरोप लगाकर निगरानी में शिकायत की थी.
.
संदीप दुबे के आवेदन के मुताबिक वो पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्रावास में मेस संचालक हैं. इस छात्रावास में लगभग 450 छात्र रहते हैं. उनसे मिथलेश कुमार पर 9 छात्रों के हिसाब से कमीशन मांग रहे थे. इसके लिए उन्हें परेशान भी करते थे.
इसी से तंग आकर निगरानी में संदीप ने शिकायत की और रिश्वत के रुपए के साथ मिथिलेश कुमार अपने दफ्तर से पकड़े गए.
निगरानी की टीम ने जब पूछताछ की तो मिथिलेश ने बताया कि वो बजरंगपुरी स्थित कौशल किशोर पांडेय के मकान में रेंटर हैं.
यहां फ्लैट नंबर 301 और 302 में परिवार रहता है. यहीं, एक सूटकेस में लगभग 30 से 40 लाख रुपए रखे हैं. इसके बाद विजलेंस डीएसपी अरुणोदय पांडेय के नेतृत्व में रेड के लिए टीम बनाई गई.
टीम जब छापेमारी करनी पहुंचीं, उस वक्त मिथिलेश कुमार की पत्नी कांग्रेस नेत्री मोना पासवान रिश्तेदार के शादी समारोह में गई थीं.
निगरानी की टीम ने फ्लैट पर पहुंचकर उनसे संपर्क किया. फिर वो अपने फ्लैट पर देवर और बेटी के साथ पहुंचीं.
तकरीबन इस फ्लैट पर 5 घंटे से अधिक सर्च ऑपरेशन चला. इस दौरान टीम ने वो सूटकेस बरामद करने की अपने स्तर से भरपूर कोशिश की.
जिसमें रुपए भरकर होने का मिथिलेश कुमार ने दावा किया था. टीम कभी बाथरूम में तो कभी किचन में सूटकेस खोजती रही. कई बार मिथलेश को कॉल भी किया गया. उसने घर के अंदर अलग अलग लोकेशन पर रुपए से भरे सूटकेस होने की बात कही. लेकिन वो सूटकेस विजलेंस की टीम नहीं ढूंढ पाई. बाद में काफी खोजबीन के बाद खाली हाथ लौटना पड़ा.
कांग्रेस से चुनाव लड़ चुकी हैं मोना पासवान
मिथलेश कुमार नालंदा के रहने वाले हैं. छोटे भाई दारोगा हैं. पत्नी मोना पासवान कांग्रेस पार्टी की एक्टिव मेंबर हैं. एक बेटा और एक बेटी, दो बच्चे हैं. जो मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी करते हैं. मोना पासवान राजगीर से पार्टी के सिंबल पर विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुकी हैं. नालंदा चंडी इलाके से जिला परिषद की सदस्य भी रह चुकी हैं.
यह भी पढ़ें: नवादा: जन्मदिन मनाने आए युवक की लोगों के सामने पीट-पीटकर और चाकू मारकर बेरहमी से हत्या