न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: टीम इंडिया जब आयरलैंड और इंगलैंड के साथ कुल 7 T20 मैच खेलने निकली थी तब किसी ने यह सोचा भी नहीं था कि टी-20 विश्व चैम्पियन और टी-2-0 क्रिकेट की नम्बर 1 टीम की दुर्गति होने वाली है, लेकिन दुर्गति हो गयी. 2 मैचों की सीरीज में पिद्दी-सी टीम आयरलैंड से उसके घर में 2-0 से हार नसीब हुई. उसके बाद 5 मैचों की सीरीज खेलने टीम इंडिया जब इंगलैंड पहुंची तो क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद थी कि यहां उसकी किस्मत बदलेगी, लेकिन हुआ बिलकुल उल्टा. पहले मैच में बारिश ने टीम इंडिया की इज्जत नहीं रखी होती तो वह इंगलैंड से हो सकता है 5-0 से व्हाइट वाश होकर लौटती. इस मैच में टीम इंडिया की दुर्गति का आलम यह रहा कि एक मैच में उसे 100 से अधिक रनों से हार मिली और आखिरी मैच में 56 रनों की हार भी कम दर्दनाक नहीं है. इन लगातार बड़ी हार का परिणाम यह रहा कि अब टीम इंडिया के सिर से नम्बर वन का ताज छिन गया है. इंग्लैंड अब ICC टी20 रैंकिंग में नंबर-1 है.
साउथम्प्टन के रोज बाउल स्टेडियम में शनिवार को भारत और इंगलैंड का जो पांचवां और आखिरी मुकाबला हुआ, उसमें भारत को 56 रनों से हार मिली और सीरीज 0-4 से गंवा दी.जोस बटलर के धुआंधार शतक से इंगलैंड ने 257 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में भारत 8 विकेट पर 201 रन ही बना सकी.
भारत के लिए अभिषेक शर्मा 3 रन और संजू सैमसन के 27 रन पर आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (28) और ईशान किशन (56) ने मोर्चा सम्भआला, लेकिन उनके आउट होते ही भारतीय पारी लड़खड़ा गई. तिलक वर्मा ने 25 गेंदों पर 53 रन की तेज पारी खेली. शिवम दुबे (14), सूर्यांश शेडगे (7) और अक्षर पटेल (3) टीम को जीत नहीं दिला सके.
इससे पहले इंग्लैंड ने फिल साल्ट के 6 रन बनाकर जल्दी आउट होने का असर अपनी पारी पर पड़ने नहीं दिया. जोस बटलर और कप्तान हैरी ब्रूक ने भारतीय गेंदबाजों की एक न चलने दी. दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 102 गेंदों में 233 रन की रिकॉर्ड साझेदारी कर डाली. बटलर ने 64 गेंदों पर 131 रन की विस्फोटक पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 8 छक्के लगाए. हैरी ब्रूक 95 रन बनाकर नाबाद लौटे. उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 8 छक्के लगाए.
यह भी पढ़ें: मिकेल मेरिनो के कमाल और रोमांचक मुकाबला जीतकर स्पेन सेमीफाइनल में, 15 जुलाई को फ्रांस से महामुकाबला