न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अस्मित सिन्हा ( संवाददाता ) / पटना - बिहार में प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलावों का दौर जारी है। सम्राट सरकार के गठन के बाद अब तक कुल 23 अधिकारियों का तबादला किया जा चुका है, जबकि 69 डीएसपी रैंक के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी बीच 2024 बैच के 6 नए आईपीएस अधिकारियों के जल्द बिहार कैडर में आने की तैयारी तेज हो गई है। इन अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा बढ़ गई है।
हाईलाइट्स -
- बिहार में 2024 बैच के 6 नए IPS अधिकारियों की जल्द तैनाती
- सम्राट सरकार बनने के बाद प्रशासनिक फेरबदल तेज
- 23 अधिकारियों और 69 DSP रैंक अफसरों का तबादला
- इंजीनियर, अंचलाधिकारी और संघर्ष से निकले युवा अधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी
- बिहार, राजस्थान, हिमाचल और हरियाणा से जुड़े हैं नए IPS अधिकारी
अलग-अलग राज्यों से आए युवा अधिकारी, बिहार में संभालेंगे जिम्मेदारी
2024 बैच के आईपीएस अधिकारी विनय कुमार हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। आईपीएस बनने से पहले वह हिमाचल के जल शक्ति विभाग में प्रोसेस इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वहीं नवनीत आनंद मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। उनकी पढ़ाई दिल्ली और राजस्थान में हुई। बताया जाता है कि सातवीं कक्षा में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने यूपीएससी में सफलता हासिल की।
इंजीनियरिंग से प्रशासन तक का सफर
राजस्थान के रहने वाले विजय राघव गोयल ने अपनी मां का सपना पूरा करते हुए आईपीएस बनने का लक्ष्य हासिल किया। जल्द ही उन्हें बिहार में जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं मधेपुरा निवासी मो. ताबिश हसन ने बीटेक की पढ़ाई की है और आईपीएस बनने से पहले अंचलाधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा राजस्थान के झुंझुनू निवासी कोशिंदर और हरियाणा के शुभम भी जल्द बिहार में अपनी सेवाएं देते नजर आ सकते हैं। शुभम ने दूसरे प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस बनने का सपना पूरा किया।
इसे भी पढ़ें - BSEB Compartment Result 2026: मैट्रिक-इंटर कंपार्टमेंटल रिजल्ट जारी, हजारों छात्रों को मिली बड़ी राहत