नीरज कुमार साहू/न्यूज11 भारत
बसिया/डेस्क: श्रावणी मेले के अवसर पर बोलबम के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच बसिया प्रखंड की मोरेंग पंचायत से सैकड़ों की संख्या में शिव भक्त (कांवड़िये) खूंटी जिले के प्रसिद्ध आम्रेश्वर धाम (अंगराबाड़ी) स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पैदल कांवड़ यात्रा पर निकले.
कांवड़ यात्रा के दौरान कामडारा पहुँचने पर कांवड़ियों की सेवा और सुविधा के लिए युवा समाजसेवी अनमोल टोप्पो के नेतृत्व में विशाल लंगर सह सेवा शिविर का आयोजन किया गया. इस लंगर में सैकड़ों कांवड़ियों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल और विश्राम की नि:शुल्क व्यवस्था की गई थी.
भक्ति और जनसेवा का अनूठा उदाहरण
लंबी पैदल यात्रा से थके-मांदे कांवड़ियों का कामडारा में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया. समाजसेवी अनमोल टोप्पो ने कहा कि "शिव भक्तों की सेवा करना ही सबसे बड़ा पुण्य का काम है. दूर-दराज से आ रहे कांवड़ियों की सुविधा का ध्यान रखना हम सभी का कर्तव्य है."
लंगर व्यवस्था को सफल बनाने में स्थानीय समाजसेवियों और युवाओं का सराहनीय योगदान रहा. इस दौरान मुख्य रूप से कवि किशन, महजर महतो,राजकुमार सिंह,मुकेश कुमार साहू, रामा पांडे,राजकिशोर साहू, रवि राम,लखन सिंह
समेत कई प्रमुख लोग और स्थानीय युवा सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और कांवड़ियों की सेवा में समर्पित दिखे. लंगर की शानदार व्यवस्था और स्थानीय लोगों के आतिथ्य से खुश होकर कांवड़ियों ने अनमोल टोप्पो एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया और 'हर-हर महादेव' के उद्घोष के साथ आगे की यात्रा के लिए प्रस्थान किया.
यह भी पढ़ें: हर्षोल्लास के साथ तिरुलडीह और चौड़ा में मनाई गई ईद मिलादुन्नबी