न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आज रविवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में यात्री सेवा अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में झारखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और कला की झलक यात्रियों को देखने को मिली.
एयरपोर्ट पर यात्रियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. इस दौरान यात्रियों को तिलक लगाया गया और गुलाब का फूल देकर उनका अभिनंदन किया गया. साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्हें पौधों के बीज भी उपहार के रूप में दिए गए.
कार्यक्रम के दौरान झारखंड के स्थानीय व्यंजन, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया. इसके जरिए यात्रियों को राज्य की अनूठी संस्कृति और परंपराओं से भी परिचित कराया गया.
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छऊ नृत्य रहा. कलाकारों ने ऊर्जावान प्रस्तुति के जरिए यात्रियों का मन मोह लिया. छऊ नृत्य में मार्शल आर्ट से प्रेरित भाव-भंगिमाओं, रंग-बिरंगे परिधानों और पौराणिक कथाओं, लोककथाओं व प्रकृति से जुड़े विषयों को प्रस्तुत किया जाता है. इसे यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में भी शामिल किया गया है.
इस आयोजन के जरिए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ने यात्रियों को केवल यात्रा का अनुभव ही नहीं, बल्कि झारखंड की मेहमाननवाजी, संस्कृति और पर्यटन की पहचान से भी रूबरू कराया. कार्यक्रम का उद्देश्य ‘यात्री सेवा अभियान’ की भावना के तहत यात्रा के साथ यात्रियों को गंतव्य की संस्कृति से जोड़ना रहा.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर में अपराध पर लगाम लगाने निकली पुलिस, आम लोगों पर बरसी लाठियां