न्यूज़ 11 भारत
गुमला/डेस्क: गुमला-लोहरदगा रोड स्थित उरांव हॉस्टल के पास कल मंगलवार की देर शाम करीब 7:30 बजे स्कूटी और बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी. जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार बाइक सवार 30 वर्षीय अनिल कुमार, 29 वर्षीय अनुज साहू और 25 वर्षीय राम प्रकाश महतो घायल हुए हैं. वहीं स्कूटी सवार चंदाली निवासी भीम बैगा की मौत हो गयी. स्कूटी पर सवार सोसो कदम टोली निवासी वरदान मिंज और खपिया निवासी संजीव उरांव भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
बताया गया कि स्कूटी सवार टोटो की ओर जा रहे थे जबकि बाइक सवार टोटो से गुमला की ओर आ रहे थे. इसी दौरान उरांव हॉस्टल के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. सूचना पर गुमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भीम बैगा को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल संजीत उरांव और वरदान मिंज को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है. वहीं अन्य घायलों का सदर अस्पताल में ही इलाज चल रहा है.
इसे भी पढ़ें: धनसार में ट्रक की चपेट में आने से पान विक्रेता की मौत, आक्रोशित लोगों ने कई ट्रकों में की तोड़फोड़, सड़क जाम