विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क: हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड में अवैध गतिविधियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. चौपारण कॉलेज के पीछे स्थित एक मकान में रात के समय कथित रूप से जुआ खेले जाने का वीडियो शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर सामने आया. बताया जा रहा है कि यह वीडियो स्थानीय ग्रामीणों ने बनाया और प्रशासन को भेज दिया.
वीडियो में देर रात एक कमरे में कई लोग ताश के पत्तों के साथ बैठे नजर आ रहे हैं. कमरे में टेबल पर नकद भी रखी दिख रही है. वीडियो बनाने वाले ग्रामीणों का आरोप है कि यह मकान पिछले कुछ समय से रात 10 बजे के बाद जुए का अड्डा बन गया है. कॉलेज के पास होने के कारण छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी लोग चिंतित हैं.
इस संबंध में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि इस तरह की गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. फिलहाल पुलिस ने वीडियो को कब्जे में लेकर उसकी सत्यता की जांच शुरू कर दी है. इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने की भी बात कही गई है.
इसे भी पढ़ें: श्रावणी मेला 2026: गंदगी फैलाने पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई! 'चारपाई रेस्टोरेंट' पर लगा ₹20 हजार का जुर्माना