अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले में मतदाता सूची को शत-प्रतिशत अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित कर दी है. गढ़वा जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर 23 मई 2026 को यह सूची प्रकाशित की गई, ताकि मैपिंग कार्य में तेजी लाई जा सके और सभी पात्र मतदाताओं का रिकॉर्ड समय पर अद्यतन हो सके. इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी अनन्य मित्तल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं का पिछले गहन पुनरीक्षण में प्रकाशित मतदाता सूची के साथ मैपिंग कार्य निरंतर संचालित किया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि कई मतदाताओं को मैपिंग की अद्यतन स्थिति की जानकारी नहीं होने तथा अपेक्षित सहभागिता नहीं मिलने के कारण कार्य की प्रगति प्रभावित हुई है. उपायुक्त ने जिले के सभी अनमैप्ड मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर जल्द से जल्द अपनी मैपिंग सुनिश्चित कराएं. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक एवं अद्यतन बनाने में आम नागरिकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है. मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रकाशित अनमैप्ड सूची में संबंधित बीएलओ का नाम एवं संपर्क नंबर भी अंकित किया गया है, ताकि मतदाता आसानी से उनसे संपर्क स्थापित कर सकें और मैपिंग की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके. साथ ही अनमैप्ड मतदाताओं की सूची की प्रति संबंधित बीएलओ को भी उपलब्ध करा दी गई है, जिससे वे क्षेत्र में एबसेंट, शिफ्टेड, मृत अथवा डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची का सत्यापन कर अंतिम रूप दे सकें.
उप निर्वाचन पदाधिकारी सुशील कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि 80-गढ़वा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में अब तक 76.65 प्रतिशत तथा 81-भवनाथपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 77.65 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि शेष अनमैप्ड मतदाता आगामी एक सप्ताह के भीतर अपने बीएलओ के माध्यम से मैपिंग करा सकते हैं. उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा झारखंड सहित विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा की जा चुकी है. आयोग ने झारखंड के लिए 01 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित करते हुए संबंधित गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश जारी किए हैं. जिला प्रशासन ने पुनः सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूत एवं पारदर्शी बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं तथा समय रहते अपने बीएलओ से संपर्क कर मैपिंग की प्रक्रिया पूर्ण कराएं.
यह भी पढ़ें: चिड़िया माइंस के ठेका श्रमिकों की बैठक, मजदूर हित में कमेटी गठन का निर्णय