विकास कुमार/न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा संचालित गुड सेमीरिटन स्कीम के तहत हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान कुर्मी टोला, पटेल नगर निवासी पवन कुमार पटेल एवं आलोक कुमार को दो - दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई.बताया गया कि दोनों युवकों ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर मानवता का परिचय दिया था.
सरकार की इस योजना का उद्देश्य लोगों को दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करना है, ताकि गोल्डन आवर के भीतर घायल को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई जा सके. मौके पर बीपीएम विभूति कुमार, लेखापाल प्रेममणि सुधांशु, डेटा मैनेजर रंजीत कुमार एवं युवा समाजसेवी प्रदीप पटेल (पीपी) मौजूद रहे. इस अवसर पर समाजसेवी प्रदीप पटेल ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाना एक बड़ा मानवता का कार्य है.
उन्होंने कहा कि लोग पुलिस कार्रवाई के डर से घायलों की मदद करने से पीछे न हटें, क्योंकि प्रशासन गुड सेमीरिटन स्कीम के तहत मदद करने वाले व्यक्ति से किसी प्रकार की अनावश्यक पूछताछ नहीं की जाती है. उन्होंने कहा कि आमजन आगे आएं और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करें, ताकि समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बचाई जा सके.
यह भी पढ़ें: कृषि मंत्री के निर्देश पर बरवाडीह में प्रखंड स्तरीय खरीफ कर्मशाला आयोजित, किसानों को कम पानी वाली फसल अपनाने की सलाह