न्यूज11 भारत
खूंटी/डेस्क: मुरहू थाना क्षेत्र में अपहरण कर 7 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत समुवेल सोय मुरूम को सकुशल बरामद कर लिया है. जानकारी के अनुसार 01 दिसंबर 2025 को मंजू गुड़िया ने थाना में आवेदन देकर बताया था कि उनका पति समुवेल सोय 29 नवंबर को root pure ऑफिस खूंटी जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. जांच के क्रम में तकनीकी साक्ष्य और ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि कुछ अज्ञात लोगों ने उनका अपहरण कर 7 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे हैं और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर एक टीम गठित कर तत्परता से कार्रवाई की गई. 03 दिसंबर को तकनीकी लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने जुरदाग जंगल में छापेमारी की, जहां सशस्त्र बल की मदद से दो आरोपी अजय होरो और मंगल तिरु को दौड़ाकर गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 02 मोबाइल फोन, 01 धारदार चाकू और समुवेल सोय का मोटरसाइकिल बरामद हुआ. आरोपियों की निशानदेही पर समुवेल सोय को सकुशल बरामद किया गया. इस संबंध में मुरहू थाना कांड संख्या 68/25 दिनांक 03/12/25 धारा 140(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस टीम में श्री वरुण रजक, श्री किशन दास, थाना प्रभारी नायल गॉडवीन केरकेट्टा, पु०अ०नि० कंचन कुमार कुशवाहा और SIRB-2 के जवान शामिल थे. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य की तलाश में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: कांची में स्वर्णरेखा नदी पर पुल निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ, ग्रामीणों में खुशी की लहर