न्यूज़11 भारत
दिल्ली/डेस्क: ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर कल बुधवार देर रात यात्रियों से भरी स्लीपर बस में भीषण आग लग गई. हादसे में अब तक 9 लोगों की जलकर मौत हो गयी. वहीं कई लोग आग से झुलस कर गंभीर रूप से घायल हैं. मौत का आंकड़ा बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है. घटना के वक्त बस में तक़रीबन 35 यात्री सवार थे. आग लगने के बाद बस में अफरा-तफरी मच गयी. चालक ने बस एक्सप्रेसवे किनारे रोकी. आग फैलता देख कई लोगों ने खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई.
घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की सहायता से सभी घायलों को नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया. बस में आग किन कारणों से लगी पुलिस इसकी जांच कर रही है. ये बस (BR32 PA8647) राज कल्पना ट्रैवल्स की है, जो दिल्ली से महोबा जा रही थी.
टोल कर्मियों ने बताया कि दिल्ली से महोबा जा रही बस में आग लगने के कुछ ही देर में ही लपटें तेजी से फैल गईं. देखते ही देखते डबल डेकर बस धू-धूकर जलने लगी. आग की लपटें दूर तक दिखाई देने से एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों में भी अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की निजी सुरक्षा टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग के दौरान बस में से पटाखे फूटने जैसी आवाजें आ रही थी.
आशंका जताई जा रही है कि बस में किसी यात्री द्वारा सामान के साथ अवैध रुप से पटाखे ले जाए जा रहे थे, जिसमें आग लगने के बाद तेजी से आग फैल गई.
इसे भी पढ़ें: 28, 29, 30 सितंबर को है तीन दिवसीय राष्ट्रीय बैंक हड़ताल, ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर को खुले रहेंगे बैंक