भरत मंडल/न्यूज़11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय प्रखंड के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के दुखियाडीह गांव में 55 वर्षीय आदिवासी महिला चांदोनी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका हेमन सोरेन की पत्नी थीं.
घटना की सूचना मिलने के बाद अहिल्यापुर थाना के सब-इंस्पेक्टर साजिद खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. मृतका के पति हेमन सोरेन ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी लंबे समय से बीमार चल रही थीं और बीमारी के कारण उनकी स्वाभाविक मौत हुई है.
वहीं ग्रामीणों के बीच महिला की मौत को लेकर अलग-अलग चर्चा है. कुछ ग्रामीणों के अनुसार, महिला द्वारा कथित तौर पर कीटनाशक दवा का सेवन किए जाने की बात सामने आ रही है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस की मौजूदगी में मृतका के पति और ग्रामीणों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. परिजनों और ग्रामीणों की ओर से पोस्टमार्टम नहीं कराने को लेकर पुलिस को लिखित सहमति आवेदन दिया गया. इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पुलिस वापस लौट गई.
पुलिस के लौटने के बाद परिजन और समाज के लोग आदिवासी रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए.