पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में गुरुवार को डीटीओ सह एसआईआर प्रभारी सत्येंद्र महतो एवं जिला कल्याण पदाधिकारी की अध्यक्षता में सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के लिए एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) से संबंधित दावा-आपत्ति प्रक्रिया पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को दावा-आपत्ति प्राप्त करने, आवेदनों की जांच, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत मामलों के निष्पादन की विस्तृत जानकारी दी गई. प्रशिक्षकों ने अभिलेखों के सत्यापन और प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निपटारा करने की प्रक्रिया भी समझाई.
अधिकारियों ने समय-सीमा के भीतर सभी दावों एवं आपत्तियों का निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमानुसार निपटारा सुनिश्चित करने पर जोर दिया. साथ ही एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई.
अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता, शुद्धता और निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है. सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्राप्त दावों और आपत्तियों की निर्धारित नियमों के अनुसार जांच कर समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. मौके पर ज्योतिलाल समेत सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: भरनो में लगातार बारिश से कच्चा मकान ध्वस्त,पड़ोसी के घर शरण लेने को मजबूर परिवार