पंकज कुमार/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: घाघरा प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. बारिश के कहर से कई गांवों में कच्चे और एस्बेस्टस वाले मकान ढह गए. गोया गांव निवासी रफीक खान के घर की दीवार अचानक ढह गई. दीवार की चपेट में बगल के जियाउल खान के मकान की दीवार और एस्बेस्टस की छत भी आ गई. देखते ही देखते पूरा मलबा घर पर गिर पड़ा और जियाउल का परिवार उसमें दब गया. घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने राहत-बचाव करते हुए सभी को बाहर निकाला. जिसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया.
कहीं दीवार गिरी तो कहीं छत
बारिश का कहर केवल गोया गांव तक सीमित नहीं रहा. सरांगो नवाटोली में शंकर उरांव के मकान की दीवार ढहने से एस्बेस्टस की छत टूट गई और घर में रखा सामान बर्बाद हो गया.
मलगो गांव में लक्ष्मण राम के घर की दीवार गिरने से छत का काठ और एस्बेस्टस नीचे आ गिरा. मलबे में घर में रखा करीब 10 बोरी चावल-गेहूं, लहसुन, प्याज और दो साइकिलें दबकर नष्ट हो गईं.
वहीं घाघरा छठ मोहल्ला निवासी ललिता देवी का मकान भी छप्पर और एस्बेस्टस टूटने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. सलगी गांव में जलजमाव के कारण जगमोहन लोहरा का मकान भी धराशायी हो गया. परिजनों का कहना है कि सड़क किनारे बने नए छोटे पुल से पानी ऊपर बहकर घर में घुस गया, जिसके कारण मकान को नुकसान पहुंचा.
आशियाना उजड़ा, अब प्रशासन से मदद की आस
लगातार बारिश के कारण कई परिवारों के सामने रहने और घरेलू सामान बचाने का संकट खड़ा हो गया है. पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों का स्थल निरीक्षण कर उचित मुआवजा, राहत सामग्री और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है.