न्यूज़11 भारत
दुमका/डेस्क: हंसडीहा थाना क्षेत्र के दुमका-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर लकड़ाटांड़ स्थित हरदिया नदी के समीप आज सोमवार सुबह बाइक लूट की कोशिश के दौरान अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी. घटना आज सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है. गह्यल की पहचान लकड़ाटांड़ निवासी शिवलाल हांसदा (55) के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार शिवलाल हांसदा अपनी बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोककर बाइक छीनने का प्रयास किया. विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी. गोली उनके बाएं पैर में लगी है. घायल होने के बावजूद शिवलाल हांसदा अपनी बाइक पर ही बैठे रहे.
इधर गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. लोगों की आवाजाही बढ़ती देख दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए. घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. प्रारंभिक तौर पर मामला बाइक लूट के प्रयास से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: कथारा कोलियरी के कोयला स्टॉक में लगी आग,CCL प्रबंधन की अनदेखी पर उठे सवाल