पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) को भव्य एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से घाघरा में नवयुवक सरना संचालन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई. समिति के सभी सदस्यों ने आयोजन को अनुशासित, आकर्षक और सफल बनाने का संकल्प लिया.
बैठक में समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, खेलकूद प्रतियोगिताएं एवं विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा.
बैठक के दौरान आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सभी सदस्यों के बीच अलग-अलग जिम्मेदारियों का वितरण किया गया. साथ ही कार्यक्रम की तैयारी समय पर पूरी करने का निर्णय लिया गया. समिति ने क्षेत्र के सभी ग्रामीणों, युवाओं एवं महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में भाग लेकर स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और राष्ट्रीय एकता के साथ मनाने की अपील की.
समिति का कहना है कि इस बार का आयोजन पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्य, व्यवस्थित और आकर्षक होगा, जिससे क्षेत्र में देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश मजबूत होगा.
यह भी पढ़ें: मानसून में सिमडेगा का केलाघाघ स्वर्ग जैसा हुआ सुंदर, पानी पर पसरी धुंध ने अनुपम छटा बिखेरी